वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा के दो प्रश्नपत्र लीक होने के बाद विश्वविद्यालय द्वारा दो विषयों की परीक्षाएँ रद्द किए जाने की घटना के विरोध स्वरुप आज उत्तराखंड कांग्रेस द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के झाझरा परिसर के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया।विश्वविद्यालय के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मुख्य द्वार पर सुरक्षा हेतु की गयी बैरिकेडिंग पर प्रदर्शनकारियों को रोके जाने के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और तीखी बहस हुई।
गणेश गोदियाल ने कहा कि घटना ने उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाएँ छात्रों की मेहनत, समय और भविष्य के साथ गंभीर अन्याय हैं। इस प्रकार की लापरवाही एवं अनियमितता के सम्बन्ध में निष्पक्ष जांच और छात्रों के हितों की सुरक्षा की मांग की और चेतावनी दी कि यदि दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं हुई और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने के ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज करेगी।
प्रकरण को लेकर विगत दिवस एनएसयूआई द्वारा विरोध प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।डी.ए.वी. (पी.जी.) कॉलेज, देहरादून के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष, सिद्धार्थ अग्रवाल ने शिक्षा व्यवस्था पर उंगली उठाते आरोप लगाया कि उत्तराखंड की उच्च शिक्षा व्यवस्था पूर्ण रूप से अपंग हो गई है एवं सरकारी व्यवस्था प्रदेश के युवाओं को श्रेष्ठ शिक्षा देने की बजाय पेपर लीक कर पैसा कमाने एवं उगाही के लिए कार्य कर रही है।
