भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। यह सीट वर्तमान में भाजपा सांसद नरेश बंसल के पास है, जिनका कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।
चुनाव कार्यक्रम
• अधिसूचना: 29 सितंबर 2026
• नामांकन की अंतिम तारीख: 6 अक्टूबर
• नामांकन पत्रों की जांच: 7 अक्टूबर
• नाम वापसी की अंतिम तारीख: 9 अक्टूबर
• मतदान: 16 अक्टूबर, सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक
• मतगणना: 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे से
उत्तराखंड की इस सीट के साथ उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर भी द्विवार्षिक चुनाव होंगे। इसी दिन पश्चिम बंगाल की एक रिक्त राज्यसभा सीट पर उपचुनाव भी होगा। अब अधिसूचना जारी होने से पहले ही संभावित उम्मीदवारों और दलों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
विधानसभा का गणित
राज्यसभा चुनाव में उत्तराखंड विधानसभा के निर्वाचित विधायक मतदान करते हैं। विधानसभा की मौजूदा आधिकारिक सूची में 70 सदस्य हैं और दलवार स्थिति भाजपा 47, कांग्रेस 20, निर्दलीय 2 और बसपा 1 दिखाई गई है। एक सीट के चुनाव में आवश्यक कोटा, सभी 70 सदस्यों के मतदान की स्थिति में, 36 मत के आसपास बनता है। इसलिए मौजूदा संख्या के आधार पर भाजपा के पास अपने उम्मीदवार को निर्वाचित कराने के लिए पर्याप्त संख्या है।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार सीट के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा। फिलहाल भाजपा ने नए उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है।पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता के हवाले से प्रकाशित रिपोर्ट में भी कहा गया है कि अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा। विधानसभा चुनाव 2027 के दृष्टिगत इस बार टिकट वितरण में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, जातीय-सामाजिक समीकरण, संगठन में योगदान और राजनीतिक संतुलन जैसे कारक महत्वपूर्ण हो सकते हैं।राजनीतिक चर्चा हैं कि एक स्वाभाविक विकल्प के रूप में मौजूदा सांसद को दोबारा मौका दिए जाने की संभावना है। उल्लेखनीय हैं कि बंसल 2020 में निर्विरोध राज्यसभा पहुंचे थे।
