केंद्र सरकार की रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखंड में छोटे कारोबार राज्य में आर्थिक मजबूती और आजीविका के मुख्य स्रोत के रूप में उभर रहे हैं। राज्य के 10 जिलों में करीब 6.53 लाख छोटी इकाइयां संचालित हैं, जो राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार का एक बड़ा आधार बन चुकी हैं। उधम सिंह नगर जिला छोटी व्यावसायिक इकाइयों की संख्या के मामले में सबसे आगे है। राजधानी देहरादून इन छोटे व्यवसायों के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। बड़े उद्योगों और पर्यटन के साथ-साथ ये लघु इकाइयां ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में वित्तीय स्थिरता प्रदान कर रही हैं।
आंकड़ों के अनुसार, 15 मार्च 2026 तक उत्तराखंड में कुल 6,58,392 MSME पंजीकृत हैं। इनमें 6,54,057 सूक्ष्म, 4,059 लघु और 276 मध्यम उद्यम शामिल हैं।राज्य में पंजीकृत MSME में करीब 99.3 प्रतिशत सूक्ष्म उद्यम हैं। यह तस्वीर बताती है कि उत्तराखंड की उद्यमिता व्यवस्था में बड़े उद्योगों के साथ छोटे स्तर पर संचालित कारोबारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। राज्य के कुल MSME में सूक्ष्म (Micro) उद्यमों की हिस्सेदारी दर्शाता है कि उत्तराखंड का जमीनी आर्थिक ढांचा छोटे और स्थानीय व्यवसायों पर टिका है।छोटे स्तर पर संचालित ये कारोबार कम पूंजी में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने में सबसे आगे हैं।उत्तराखंड की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए वहां बड़े उद्योगों की तुलना में सूक्ष्म और लघु उद्योग लगाना अधिक व्यावहारिक और पर्यावरण के अनुकूल है।
आंकड़ों के अनुसार 2021 से 2025 के बीच उत्तराखंड में 1,379 इकाइयों को DPIIT के तहत स्टार्टअप के रूप में मान्यता मिली। इससे संकेत मिलता है कि राज्य में पारंपरिक छोटे कारोबारों के साथ नई पीढ़ी की उद्यमिता भी विकसित हो रही है।उत्तराखंड में छोटे कारोबारों की बड़ी संख्या राज्य की आर्थिक संरचना की एक महत्वपूर्ण तस्वीर पेश करती है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में जहां बड़े औद्योगिक निवेश की संभावनाएं सीमित हैं, वहां छोटे उद्यम स्थानीय संसाधनों, कौशल और मांग के आधार पर रोजगार और आय के अवसर तैयार कर सकते हैं।
जानकारों के अनुसार, यदि छोटे कारोबारों को आसान ऋण, बाजार उपलब्धता, डिजिटल तकनीक, कौशल प्रशिक्षण और बेहतर परिवहन एवं आधारभूत सुविधाओं का समर्थन लगातार मिलता रहे, तो यह क्षेत्र उत्तराखंड में स्थानीय रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को और मजबूत करने वाला प्रमुख आधार बन सकता है।
