विगत दिनों मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस नेटवर्क को मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने का आग्रह किया था।इसके बाद उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश सरकार व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के बीच करीब 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित सेमी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर को लेकर सहमति बनने के फलस्वरूप नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) के हरिद्वार व लक्ष्मणझूला तक विस्तार का मार्ग प्रशस्त हो गया है। नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश के अंतिम छोर तक पहुंचेगा। आगामी DPR सर्वे के दौरान तकनीकी, भौगोलिक स्थिति और यात्रियों की संख्या के हिसाब से इसमें कुछ बदलाव भी हो सकता है.
उत्तराखंड सरकार ने राज्य में पड़ने वाले लगभग 78 किलोमीटर लंबे हरिद्वार-ऋषिकेश खंड की डीपीआर तैयार कराने के लिए परामर्श शुल्क आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।परियोजना सम्बन्धी कार्यो में समन्वय हेतु उत्तराखंड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिया है, जबकि एनसीआरटीसी और उत्तर प्रदेश सरकार पूर्व में ही अपने-अपने नोडल अधिकारी तैनात कर चुके हैं।
सीएम धामी ने कहा कि ट्रेन सेवा का विस्तार पर्यटकों, तीर्थयात्रियों के साथ उत्तराखंड में पर्यटन को नए पंख लगाएगा.
