राजकीय पॉलिटेक्निक पिथूवाला, देहरादून में परीक्षा के दौरान नकल रोकने की कार्रवाई के बाद विवाद खड़ा हो गया। कॉलेज प्रशासन के अनुसार परीक्षा कक्ष में एक छात्र को नकल करने से रोके जाने पर उसके पिता, जो पुलिस विभाग में दरोगा पद पर तैनात बताए जा रहे हैं, ने कॉलेज परिसर में पहुंचकर शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार किया।
आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने कॉलेज परिसर में घुसकर शिक्षकों के साथ गाली-गलौज की, मारपीट की तथा परीक्षा कक्ष में तोड़फोड़ भी की। घटना से कॉलेज के शिक्षकों एवं कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की गई थी, लेकिन इसके विरोध में इस प्रकार की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। शिक्षकों ने घटना की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के संबंध में संबंधित अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। शिक्षकों और कर्मचारियों ने शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत कार्मिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है।
कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए भविष्य में भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
