बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में SIT/चमोली पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को देर रात देहरादून में उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। विगत आठ जुलाई को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की शिकायत पर थाना बद्रीनाथ में एफआईआर दर्ज होने के बाद से क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में गठित विशेष जाँच टीम ने साक्ष्य आधारित कार्रवाई करते हुए समिति के अध्यक्ष के निजी सहायक प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार किया गया ।
गिरफ्तारी के बाद नौटियाल ने खुद को बेकसूर बताते हुए मंदिर के फंड में हेराफेरी के आरोपों से इनकार किया उसने पुलिस से कहा चंदा गबन मामले में उसकी कोई गलती नहीं है।पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित चढ़ावा चोरी में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं तथा धन का उपयोग किस प्रकार किया गया।
उल्लेखनीय हैं कि दो जुलाई को बदरीनाथ मंदिर में थाली भेंट गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना प्राप्त होने पर मंदिर समिति के अध्यक्ष द्वारा विभागीय जांच समिति गठित की गई।जांच में प्रथम दृष्टया प्रमोद नौटियाल द्वारा थाली भेंट गणना स्थल से मंदिर की धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को अवैध रूप से अपने निजी हित में ले जाने की पुष्टि के आधार पर उसे निलंबित किया था।
देश के महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों में से एक श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे से जुड़े किसी भी अनियमितता के मामले का धार्मिक, सामाजिक और प्रशासनिक दृष्टि से अत्यधिक महत्व है। इसलिए जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि यह किसी एक व्यक्ति का कृत्य था या इसके पीछे कोई संगठित मिलीभगत थी।
