लगातार हो रही बारिश के बीच देहरादून-मसूरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलमस के समीप ल्वाखाल क्षेत्र में पहाड़ी दरकने से अचानक बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गया। इससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ समय तक यातायात ठप रहने से यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विभाग की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने तेजी से सड़क पर गिरे बोल्डर और मलबे को हटाने का कार्य शुरू किया। करीब कुछ समय की मशक्कत के बाद मार्ग को पूरी तरह साफ कर यातायात सुचारु कर दिया गया।
बारिश के चलते पहाड़ियों से लगातार मलबा गिरने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन और एनएच विभाग ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता के साथ यात्रा करने की अपील की है। विशेषकर बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से पहाड़ी मार्गों पर रुकने से बचने की सलाह दी गई है। मार्ग खुलने के बाद दोनों ओर फंसे वाहनों की आवाजाही सामान्य हो गई और यात्रियों ने राहत की सांस ली। मानसून के मौसम को देखते हुए एनएच विभाग ने संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर यातायात बाधित न होने दिया जाए।
