उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों, विशेषकर पिथौरागढ़ और बागेश्वर में मौसम ने आज दोपहर अचानक करवट ली है। कई क्षेत्रों में तेज बारिश, गर्जना और ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आई हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार लगभग 200 ग्राम के ओले गिरे और 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाये चली है। ओलावृष्टि से फल, सब्जी और फसलों को नुकसान हुआ है।
मौसम विभाग के जिला स्तरीय पूर्वानुमान के अनुसार 28 और 29 मई को पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश तथा ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
