उत्तराखंड पुलिस की ऑनलाइन एफआईआर और सीसीटीएनएस सेवा पिछले करीब 15 दिनों से आम नागरिकों के लिए बाधित और आंशिक रूप से ठप है। सीसीटीएनएस उत्तराखंड के लिंक पर जाने वाले निराश हैं तो सीधे policecitizenportal.uk.gov.in तो खुल रहा है लेकिन यहां भी दर्ज एफआईआर नहीं देख सकते। उत्तराखंड पुलिस वेबसाइट और एप के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करने, दर्ज एफआईआर देखने समेत कई सुविधाएं देती है।
अधिकारियों के अनुसार, पोर्टल पर नए सॉफ्टवेयर (2.2 वर्जन) को अपडेट करने और तकनीकी अपग्रेडेशन का काम चल रहा है,जबकि विश्वस्त सूत्रों से पता चला कि यह साइबर हमले की वजह से सर्वर को नुकसान हुआ है, जिस कारण ये सेवाएं बंद हैं। उल्लेखनीय हैं कि वर्ष 2023 में भी सीसीटीएनएस पर साइबर अटैक हुआ था ।
सीसीटीएनएस उत्तराखंड वेबसाइट के बाद 21 अगस्त की रात्रि में राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण (आयुष्मान योजना) के डेटा में भी सेंध लगने की जानकारी सामने आई है। दोनों घटनाओं ने सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
