उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ को सही ठहराया है। मसूरी में एक कार्यक्रम के दौरान महेंद्र भट्ट ने कहा कि उस स्थान पर राम मंदिर है और वहां ऐसे नारे लगाए गए जो मर्यादा के अनुरूप नहीं थे। उन्होंने कहा कि यदि वह जगह नारों से दूषित हुई और उसका शुद्धिकरण किया गया, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है।भट्ट ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह इस मामले को अनुसूचित जाति की राजनीति से जोड़कर अपने ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का मजाक बना रही है। उन्होंने कहा कि इस शुद्धिकरण का किसी भी जाति या व्यक्ति विशेष से कोई संबंध नहीं है।
8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की एक रैली के बाद हुए मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ पर भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा इसे सही ठहराने के बयान के बाद कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। महेंद्र भट्ट के इस ताज़ा बचाव के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और कुमारी सैलजा ने पलटवार करते हुए कहा है कि भाजपा का असली दलित-विरोधी चेहरा अब खुलकर सामने आ गया है।इस घटना पर पहले केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने संसद में इस तरह के कृत्य की निंदा की थी और जांच का आश्वासन दिया था। इसके विपरीत प्रदेश अध्यक्षमहेंद्र भट्ट ने इस अनुष्ठान का खुलकर बचाव किया है कि रैली के दौरान वहां अमर्यादित नारे लगे थे जिससे जगह अशुद्ध हो गई थी।
