गोविन्द बल्लभ पंत विश्वविद्यालय पंतनगर में आज एक बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया,जिसमें मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी- कार्यकारी अध्यक्ष, उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ,विशिष्ट अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल- प्रशासनिक न्यायाधीश, उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय तथा विशेष अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति आलोक मेहरा- न्यायाधीश, उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय उपस्थित रहे।
बहुउद्देशीय शिविर का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर आमजन तक पहुँचाना, पात्र लाभार्थियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना, विधिक जागरूकता को बढ़ावा देना तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में लगभग 1500 लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा लगाए गए विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क विधिक सहायता स्टॉल पर पैरालीगल वालंटियर्स ने आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता, लोक अदालत, महिला एवं बाल अधिकार, साइबर अपराध, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार तथा विभिन्न विधिक योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल तथा न्यायमूर्ति आलोक मेहरा द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण कर उपस्थित व्यक्तियों से अधिकाधिक पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
