
केंद्रीय बजट में देश भर में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान खोलने की घोषणा के उपरान्त सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव गणपत राव जाधव से मुलाकात कर खुरपिया फार्म (किच्छा) में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) का चिकित्सालय एवं शोध संस्थान स्थापित करने का आधिकारिक प्रस्ताव सौंपा था।
राज्य सरकार की ओर से आयुर्वेद और स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने की दिशा में पहल करते हुए अब मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आयुष मंत्रालय के सचिव राजेश कोटचा के साथ बैठक कर संस्थान स्थापित की स्थापना करने के के लिए उपलब्ध संसाधनों की जानकारी देते हुए प्रस्ताव पर मजबूती से पक्ष रखा कि उत्तराखंड आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है, जबकि ऋषिकेश विश्व की योग राजधानी के रूप में अपनी अलग पहचान रखता है। ऐसे में यहां विश्वस्तरीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना पूरे उत्तराखंड के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।
खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने के प्रस्ताव पर राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है। स्थानीय स्तर पर इसे स्वास्थ्य व रोजगार के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है।प्रस्तावित स्थल एम्स (AIIMS) सैटेलाइट सेंटर के पास होने के कारण इस क्षेत्र के आधुनिक और पारंपरिक चिकित्सा के समन्वित केंद्र के रूप में विकसित होने की संभावना व्यक्त की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त इससे राज्य में आयुर्वेद शिक्षा, उच्च स्तरीय अनुसंधान, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और चिकित्सा पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। जनप्रतिनिधियों का मानना है कि इस संस्थान के बनने से क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
