परेड मैदान में आयोजित जूडो प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने आया उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले का 12 वर्षीय खिलाड़ी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। घटना के बाद प्रतियोगिता स्थल और परिजनों में हड़कंप मच गया।
मामले में जूडो कोच द्वारा डालनवाला कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बालक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अपनी टीम के साथ देहरादून आया था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर कोच ने पुलिस से संपर्क किया।
डालनवाला पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही विभिन्न स्थानों पर तलाश अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि बच्चे की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
