नशे के खिलाफ काठगोदाम पुलिस और एसओजी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशे का कारोबार करने वाले माली को गिरफ्तार किया है. आरोपी से दो लाख रुपये कीमत की दो किलो चौदह ग्राम अवैध चरस बरामद की गई है. आरोपी को दमुवादूंगा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया.
काठगोदाम पुलिस और एसओजी की टीम ने आम के बगीचे में काम करने वाले एक माली को नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी से दो किलो से अधिक की चरस की खेप बरामद हुई है. आरोपी पहाड़ी जनपदों से चरस की खेप ला कर मैदानी इलाकों में ऊंचे दाम पर बेचा करता था. मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने बताया टीम को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में लंबे समय से चरस का काला कारोबार फल फूल रहा है. जिस पर संयुक्त टीम दमुवादूंगा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया.
चेकिंग के दौरान जगन्नाथ कॉलोनी स्थित विजन फ्यूचर कोचिंग के पास गली में एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल दो किलो चौदह ग्राम अवैध चरस बरामद हुई. जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इन्द्रजीत सिंह निवासी हरिपुर कर्नल वार्ड, काठगोदाम के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह क्षेत्र में दिखावे के लिए बगीचे में माली का काम करता था. आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि बरामद चरस उसे उसके एक परिचित व्यक्ति ने बिक्री के लिए दी थी।. पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में जुट गई है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी वर्ष 2010 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है. फिलहाल पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है.
