केदारनाथ यात्रा के दौरान भ्रामक जानकारी एवं अफवाह फैलाने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर गलत सूचना प्रसारित कर यात्रियों में भ्रम एवं भय का माहौल बनाने वाले एक यूजर के खिलाफ सोनप्रयाग थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा बिना सत्यापन के आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री साझा की गई, जिससे यात्रा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ कर दी है तथा डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि केदारनाथ यात्रा से संबंधित किसी भी सूचना को साझा करने से पूर्व उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। अफवाह फैलाना दंडनीय अपराध है, जिससे न केवल कानून व्यवस्था प्रभावित होती है बल्कि यात्रियों की सुरक्षा पर भी विपरीत प्रभाव पड़ सकता है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर निगरानी लगातार की जा रही है और किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
