सीबीएसई बोर्ड 12वीं परीक्षा 2026 के परिणामों में एक बार फिर हल्द्वानी की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा है। शहर के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उच्च अंक प्राप्त कर न केवल अपने स्कूलों बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र का नाम रोशन किया।
शिक्षाविदों का मानना है कि छात्राओं की सफलता के पीछे उनकी अनुशासित दिनचर्या, निरंतर अध्ययन और परिवार व शिक्षकों का सहयोग प्रमुख कारण रहे। कई स्कूलों में टॉप स्थान पर छात्राएं रहीं और 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वालों में भी बेटियों की संख्या अधिक रही।
यह परिणाम केवल शैक्षिक उपलब्धि नहीं बल्कि समाज में बेटियों की बढ़ती भागीदारी, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का भी प्रतीक माना जा रहा है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने इसे “नारी शक्ति की नई पहचान” बताया है।
हल्द्वानी की सफल मेधावी छात्राओं में गौजाजाली निवासी राशि मल्ल को व्यापक सराहना मिल रही है । निर्मला कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की इस छात्रा ने ह्यूमैनिटीज़ एस्ट्रीम में 97.2% अंक प्राप्त कर अपने परिजनों एवं क्षेत्र के लोगों को गौरवान्वित किया है ।राशि अपनी सफलता का श्रेय अपनी माँ तन्नु और ताई पूनम को देती है और इस सफलता से प्रेरणा लेकर अर्थशास्त्र में अपना करियर बनाना चाहती है ।
