कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं, यह बात एक बार फिर साबित हो गई. तेलंगाना के हैदराबाद से करोड़ों की ज्वेलरी चुराकर करीब 1700 किलोमीटर दूर उत्तराखंड बॉर्डर पहुंचे चोरी के आरोपी पकड़ लिए गए. तेलंगाना, उत्तराखंड और यूपी पुलिस के कोऑर्डिनेशन ने इस हाई प्रोफाइल चोरी का भंडाफोड़ करते हुए नेपाल निवासी तीन आरोपियों को पकड़ा है. तेलंगाना पुलिस आज हैदराबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस मामले पर पूरी जानकारी देगी.
तेलंगाना में हुई करीब 5 करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी के मामले में यूपी और उत्तराखंड पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. तेलंगाना पुलिस की सूचना पर रुद्रपुर पुलिस ने देर रात उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर चोरी की ज्वेलरी बरामद कर ली. कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं समेत एक युवक को हिरासत में लिया गया है. मामले की जांच जारी है.
दरअसल हैदराबाद के एक बड़े बिजनेसमैन के घर से करीब 05 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने के बाद तेलंगाना के साइबराबाद पुलिस कमिश्नर डॉक्टर एम रमेश ने सोमवार 8 जून को आधी रात उधम सिंह नगर जिले के SSP अजय गणपति को सूचना दी थी. पुलिस कमिश्नर ने बताया कि चोरी में शामिल नेपाली मूल के आरोपी उत्तराखंड के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में हैं.
सूचना मिलते ही उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के SSP अजय गणपति ने देर रात स्वयं SOG टीम के साथ मोर्चा संभाला. पुलिस टीम ने रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कराया. पूरे ऑपरेशन की निगरानी SSP अजय गणपति खुद कर रहे थे.
उत्तराखंड पुलिस ने दिल्ली से यूपी के रास्ते उत्तराखंड में प्रवेश करने वाली बसों की चेकिंग शुरू की. इस दौरान यूपी पुलिस को भी सूचना दी गई. यूपी पुलिस भी सक्रिय हो गई. बस में नेपाल भागने के लिए सवार हुए नेपाली मूल के तीन आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया. संयुक्त कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद स्थित बिलासपुर में यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर क्षेत्र में आरोपियों को दबोच लिया गया.
आरोपियों के कब्जे से हैदराबाद से चोरी किए गए करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण भी बरामद हुए. बस उत्तर प्रदेश सीमा में रुकने के कारण बरामदगी एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई बिलासपुर पुलिस द्वारा की गई. पुलिस ने दो महिलाओं और एक युवक को हिरासत में लिया है.
