वन विभाग हरिद्वार की श्यामपुर रेंज की सजनपुर बीट के जंगल में दो बाघों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है. जहां एक दिन पहले दो वर्षीय नर बाघ का शव बरामद हुआ था, तो वहीं आज उसी के करीब 150 मीटर की दूरी पर मादा बाघ का शव मिला है. बताया जा रहा है कि मृतक मादा बाघ की उम्र भी करीब दो वर्ष है. दोनों बाघ बाघिन भाई-बहन थे.
बाघिन के शव को एक गदेरे में पत्ते डालकर छिपाया हुआ था. आरोपियों ने उसके भी पैर काटे हुए थे. वहीं, अब उनकी मां की तलाश में सर्च अभियान जारी है. मां के साथ भी अनहोनी की आशंका है. फिलहाल, दो बाघों के शिकार के बाद हरिद्वार से लेकर देहरादून और दिल्ली तक हड़कंप मच गया है. हालांकि, एक वन गुर्जर को हरिद्वार वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है. जबकि, उसके तीन साथी फरार बताए जा रहे हैं.
हरिद्वार वन विभाग की टीम को बीते सोमवार यानी 18 मई की शाम को श्यामपुर रेंज अंतर्गत सजनपुर बीट, श्यामपुर कम्पार्टमेंट संख्या 9 में सर्चिंग के दौरान जंगल में दो वर्षीय नर बाघ का शव बरामद हुआ था. बाघ के चारों पैर कटे मिले थे. जबकि, उसकी खाल और दांत सुरक्षित पाए गए.
मौके से एक मृत भैंस का शव भी बरामद किया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भैंस के शव पर पहले जहरीला पदार्थ छिड़का गया. जिसे बाघों के झुंड ने खा लिया और फिर पास में ही नर बाघ का शव बरामद हुआ. वन विभाग को वन गुर्जरों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मुखबिर से मिली थी. सूचना मिलने के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया था.
जांच में सामने आया कि आरोपी रात के अंधेरे में बाघ की खाल उतारने और दांत निकालने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले वन विभाग ने कार्रवाई कर दी और एक वन गुर्जर को दबोच लिया. वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी ही थी कि आज यानी 19 मई को दिन में घटनास्थल के डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर ही बाघिन का शव मिलने से सनसनी मच गई.
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, दो दिन पहले बाघिन ने वन गुर्जरों की भैंस का शिकार किया था. उसके बाद वन गुर्जरों ने भैंस के शव को बरामद कर लिया. वन गुर्जरों ने मृत भैंस के शव पर जहरीला पदार्थ छिड़क दिया. जैसे ही बाघों ने भैंस के मांस को खाया, वैसे ही उनकी मौत हो गई. इसके बाद आरोपियों ने बाघों के पैर काट दिए और फिर उसे मार्केट में बेचने की तैयारी कर रहे थे.
आरोपी जंगल में ही बाघ के क्षत विक्षत शव को छोड़कर घर आ गए. अगले दिन रात को उन्हें शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई, लेकिन उससे पहले किसी ने मुखबिरी कर दी. वन विभाग की टीम ने जंगल से पहले सोमवार को एक नर शव बरामद कर लिया और फिर मंगलवार को उसकी की बहन मादा बाघ का शव भी बरामद हुआ. आरोपियों ने उसके भी पैर कटे दिए थे और पत्तों से शव को ढक दिया था.
