केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते समय उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के एक कथित बयान को लेकर राज्य में सियासी भूचाल आ गया है। उनके मुंह से निकले एक विवादित शब्द के कारण विपक्षी दलों और छात्र संगठनों ने तीखा हमला बोला है, जिसमें सार्वजनिक माफी और इस्तीफे की मांग की गई है। साथ ही प्रदेश भर में उग्र आंदोलन चलाने की चेतावनी दी है. विवाद का मुख्य कारण धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्र और राष्ट्रहित में नैतिक कदम बताने के दौरान महेंद्र भट्ट के बयान में एक कथित अमर्यादित शब्द का प्रयोग हैं ।आलोचकों का कहना है कि इस टिप्पणी से देश और प्रदेशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे मेहनतकश युवाओं और छात्रों का अपमान हुआ है।
मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपनाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया और इसे भाजपा नेताओं की ओछी मानसिकता व अहंकार का परिचायक बताया। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह बयान युवाओं के प्रति पार्टी की वास्तविक सोच को उजागर करता है। कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया हैं कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अपने बयान से करोड़ों छात्र-छात्राओं का अपमान किया है। अपने भविष्य और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की मांग को लेकर संघर्ष करने वाले युवाओं को अपशब्द कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने महेंद्र भट्ट से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है. बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूरे देश के मेहनत कर रहे युवाओं के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। इस तरह की भाषा का प्रयोग करना पूरी युवा पीढ़ी का अपमान है.यदि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अगले 24 घंटे के भीतर अपने बयान पर माफी नहीं मांगते हैं तो उसके बाद 48 घंटे के भीतर प्रदेशभर के युवा उनके खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे. उन्होंने दावा किया कि ऐसा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा, जिससे महेंद्र भट्ट पर भी इस्तीफा देने का दबाव बनेगा।
महेंद्र भट्ट के कथित विवादस्पद बयान को लेकर वर्तमान तक भाजपा संगठन या महेंद्र भट्ट की और से कोई प्रतिक्रया व स्पष्टीकरण नहीं आया है, लेकिन प्रचलित विवाद ने उत्तराखंड की राजनीति में नया मुद्दा खड़ा कर दिया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की टिप्पणी को राजनीतिक दल और बेरोजगार संगठन इस मुद्दे को युवाओं के सम्मान से जोड़ते हुए भाजपा पर निशाना साधने का प्रयास कर रहे है।
