विकासनगर के बैरागीवाला में पानी को लेकर उपजे विवाद में विनोद नाम के शख्स की हत्या के बाद माहौल तनावपूर्ण है. यहां आज एक मुस्लिम परिवार में शहनाई भी बजनी थी, लेकिन वहां पर सन्नाटा पसरा हुआ है. शनिवार शाम को घटना के बाद इस परिवार में आए मेहमानों को किसी तरह पुलिस की निगरानी में गांव से निकाला गया. आज परिवार में सिर्फ सामान की देख रेख बेटियों का पिता कर रहा है, ताकि घर पर कोई अनहोनी न हो जाए.
दरअसल, विकासनगर के बैरागीवाला गांव में आज यानी 14 जून को अब्दुल की दो बेटियों की शादी होनी थी. जिसके तहत सहारनपुर से बारात आनी थी. शादी को लेकर अब्दुल पिछले कई दिनों से तैयारी कर रहा था, लेकिन शनिवार शाम को हुई घटना के बाद रविवार की सुबह गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया और विकासनगर, देहरादून समेत अन्य जगहों से सैकड़ों की तादाद में लोग गांव में पहुंच गए और हंगामा करना शुरू कर दिया.
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांगों को लेकर हिंदू संगठन के लोग बैरागीवाला समुदाय विशेष के परिवारों के घरों में घुसने की कोशिश करने लगे. जिसके चलते माहौल गरमा गया. इतना ही नहीं कुछ लोगों ने एक आरोपी के घर समेत अन्य आरोपियों के घर के पास आगजनी कर दी. इसके बाद पत्थरबाजी भी घटना भी हुई. जिसमें कुछ लोगों की घायल होने की भी सूचना है.
