कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को तबीयत में सुधार होने के बाद आज सुबह छुट्टी दे दी गई. उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर सर गंगा राम अस्पताल ने नया अपडेट जारी किया है. सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप के अनुसार सोनिया गांधी के स्वास्थ्य में बहुत अच्छा सुधार हुआ है और उनकी स्थिति पूरी तरह से सामान्य होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है.
डॉक्टर अजय स्वरूप ने आगे बताया कि सिस्टमिक इंफेक्शन के लिए एंटीबायोटिक दवाओं के साथ उनका इलाज किया गया और उन पर उपचार का अच्छा असर हुआ. वह अब ठीक हो गई हैं और आगे के इलाज और घर पर फॉलो-अप के लिए आज सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.
बता दें कि सिस्टमिक इन्फेक्शन के चलते सोनिया गांधी को 24 मार्च को रात 10.22 को भर्ती कराया गया था. उनका एंटीबायोटिक्स से इलाज चल रहा है. यह इलाज डॉ. डी.एस. राणा, डॉ. एस. नंदी और डॉ. अरूप बसु की देखरेख में हो रहा है. वे इलाज के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रही हैं.
बता दें कि दिल्ली में बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण की वजह से उनकी तबीयत पर असर पड़ा है. स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते मंगलवार देर रात उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें सीने में जकड़न और सांस लेने में हल्की तकलीफ महसूस हो रही थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखने का फैसला किया. डॉक्टरों की एक टीम ने उनके स्वास्थ्य की बारीकी से जांच की तो सिस्टमिक इंफेक्शन का पता चला, जिसके बाद उनका इलाज शुरू कर दिया गया. उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी को कई साल से ब्रोंकियल अस्थमा की भी समस्या है.
